मुर्ग़ा फार्म के संचालक की अपराधियों ने गोली मार कर दी हत्या
समस्तीपुर :- सरायरंजन थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में रविवार की देर शाम आधा दर्जन अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर मुर्गा फार्म के एक संचालक को गोली मार हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए। मृतक की पहचान उक्त गांव निवासी स्व. राम प्रकाश झा के पुत्र केदारनाथ झा (50) के रूप में की गई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम :
घटना के बाबत ग्रामीणों ने बताया कि उक्त अधेड़ अपनी मां आनंदी देवी के साथ मुर्गा फार्म के समीप देर शाम में बैठा था। इसी बीच तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके। इसके बाद एक अपराधी ने आवाज लगाकर केदारनाथ झा़ को बाहर बुलाया। ज्योंही वे बाहर आए एक अपराधी ने उनपर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो गोली उनके सिर में और दो गोली सीने में लगी। ग्रामीणों को आते देख घटना को अंजाम देकर सभी बाइक सवार अपराधी भाग निकले।
घटनास्थल से दो खोखा बरामद :
ग्रामीणों ने घायल केदारनाथ झा को इलाज के लिए तत्काल सरायरंजन सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हेंं मृत घोषित कर दिया। इस घटना की तत्काल जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने सरायरंजन पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की तहकीकात में जुट गए। वहीं मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया है।
घटना का कारण पूर्व की रंजिश :
घटना का कारण पूर्व की रंजिश बताया गया है। मृतक की मां सभी अपराधियों को पहचानने का दावा कर रही है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस संबंध में फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।