सकरा पुलिस पर हमला, थानाध्यक्ष समेत चार घायल
मुज़फ़्फ़रपुर जिले के सकरा प्रखंड के विष्णुपुर बघनगरी गांव के बाढ़ विस्थापितों ने बुधवार की रात सड़क जाम हटाने गई स्थानीय पुलिस पर हमला कर दिया। आक्रोशितों की भीड़ ने तोड़फोड़ करते हुए न सिर्फ दो पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया, बल्कि उनके हमले में थानाध्यक्ष, एक सैप जवान और दो होमगार्ड के जवान भी घायल हो गये। चर्चा है कि हमलावरों ने थानाध्यक्ष की पिस्टल भी छीन ली। पूरे घटना क्रम से एनएच 28 पर रात नौ से 11 बजे तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। शाम का भोजन न मिलने से नाराज विस्थापितों ने सड़क जाम किया था।
स्थिति अनियंत्रित होने पर सकरा पुलिस गाड़ी छोड़कर पीछे हट गई। सिर फटने से घायल थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद समेत सैप जवान रामजी सिंह, होमगार्ड जवान मो बच्चे और दीपलाल बैठा को सकरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद इन्हें एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है। तीन जवानों में एक का हाथ और दो के पैर टूटने की बात बताई जा रही है।