बेवफा प्यार के फरेब की भेंट चढ़ी मां बेटी, बेड रूम में दफन मिली लाशें
मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में बेवफा प्यार के फरेब की भेंट चढ़ी मां बेटी की हत्या के मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी शमशाद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने ऐसी चौंकाने वाली जानकारी दी है कि जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई।
फेसबुक से हुई थी प्रिया और शमशाद की दोस्ती
पब्लिकेशन बुक बाइंडिंग का ठेका लेने वाले शमशाद की दोस्ती फेसबुक पर प्रिया से हुई प्रिया गाजियाबाद के मोदीनगर में रहती थी। प्रिया अपने पहले पति से तलाक लेकर मेरठ में ब्यूटी पार्लर चला रही थी। दोनो के बीच की यह दोस्ती प्यार में बदल गई, हलांकि तब प्रिया को यह मालूम नहीं था कि शमशाद दूसरे धर्म का है। शमशाद ने खुद का नाम अमित गुर्जर बताया हुआ था।
5 साल तक लिव इन में रहे प्रिया और शमशाद
प्रिया जब शमशाद के नजदीक आई तो वे दोनों लिव इन में रहने लगे। इस दौरान प्रिया को शमशाद के दूसरे धर्म से होने की जानकारी मिली। प्रिया को इस बात का पता चलते ही दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ लेकिन धीरे-धीरे सब कुछ सामान्य होता गया, लेकिन शमशाद के मन में दोनों मां बेटी को रास्ते से हटाने का प्लान चलने लगा था। दोनों तकरीबन 5 साल तक साथ रहे।
प्लॉट के रुपयों को लेकर भी हुआ झगड़ा
लिवइन में रहने के दौरान ही प्रिया ने अपना एक प्लॉट बेचा और उसके रुपयों को लेकर शमशाद से उसका झगड़ा हो गया। 28 मार्च को यह झगड़ा मारपीट में तब्दील हो गया फिर हैवान शमशाद ने पहले प्रिया का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद प्रिया की मासूम बेटी कशिश की भी गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में अपनी इस हैवानियत को दुनिया की निगाहों से छुपाने के लिए अपने ही घर के बेडरूम में शव को दफना दिया।
शमशाद ने की शव दफनाने की फुलप्रूफ प्लानिंग
शव दफनाने से पहले फुलप्रूफ प्लानिंग भी की गई। शव को पहले कपड़े में लपेट दिया गया फिर उसमें नमक डाला ताकि लाश गल जाए और फिर 5 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया। इतना ही नहीं मिट्टी में दबाने के बाद बाकायदा शमशाद ने उस पर फर्श भी बना दिया।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
शमशाद की इस हैवानियतभरी कहानी का खुलासा तब हुआ जब प्रिया की एक दोस्त चंचल कि काफी दिन से बात नहीं हुई। चंचल को शक हुआ तो उसने पुलिस को संपर्क किया। पुलिस ने चंचल को टरका दिया। इस बीच चंचल और पुलिस के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। इसी वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी मेरठ अजय साहनी ने कड़ा एक्शन लिया।
पुलिस से मुठभेड़ में घायल हुआ शमशाद
करीब 4 दिन पहले चंचल की शिकायत पर पुलिस ने महिला और उसकी बेटी की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। जांच में शमशाद पर शक गहराने के बाद उससे पूछताछ की गई। इस दौरान शमशाद पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया, जिसको आज सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया, अब आरोपी गिरफ्तार है। पुलिस इस हैवान को जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।
पुलिस ढिलाई बरतती रही
हैरान करने वाली बात तो यह है कि पुलिस ने मामले में शिकायत के बाद भी ढिलाई बरतते हुए कोई भी कार्रवाई नहीं की। बुधवार को एक स्थानीय नेता के इंवॉल्वमेंट के बाद पुलिस हरकत में आई और शमशाद के घर पर गहनता से तलाशी ली। तलाशी में प्रिया और उसकी बेटी की डेड बॉडी शमशाद के घर में ही गड्ढे में पाई गई।