सुशांत के परिवार में एक और मौत, सदमे के कारण भाभी ने तोड़ा दम
पूर्णिया : बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के घर में एक और शख्स की मौत हो गई है। सुशांत की मौत के कारण सदमे में चल रही उनकी भाभी सुधा देवी ने दम तोड़ दिया है। सुशांत सिंह की मौत की खबर सुनने के बाद उनके परिवार के सदस्यों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। सुशांत के पैतृक गांव मलडीहा में रहने वाली उनकी भाभी सुधा देवी भी इस घटना के बाद सदमे में थी और उनकी मौत हो गई है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी चचेरी भाभी सुधा देवी की तबीयत बिगड़ गई थी हालांकि पिछले कुछ वक्त से सुधा देवी बीमार चल रही थीं। सुशांत के जाने की खबर सुनकर वह बार-बार बेहोश हो रही थीं। परिवार वाले उन्हें दिलासा दे रहे थे लेकिन इस सदमे के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके पिता के के सिंह की भी तबीयत पटना में बिगड़ गई थी हालांकि बाद में उन्हें परिवार के अन्य सदस्य अपने साथ लेकर मुंबई रवाना हुए थे। सोमवार को मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार किया गया जिसमें उनके पिता के साथ साथ चचेरे भाई बीजेपी विधायक नीरज सिंह बबलू भी शामिल हुए थे। अब सुशांत के परिवार में एक और मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
Input:- first bihar