उधर दुल्हन करती रही इंतजार, सड़क दुर्घटना में दूल्हे की मौत, खुशियों में छा गया मातम…
युवक की शादी की तैयारियां हो चुकीं थीं। वह दूल्हा बन बारात लेकर दुल्हन के घर जाने ही वाला था कि अचानक बड़ा हादसा हो गया। सड़क दुर्घटना में उसकी मौत की खबर ने खुशी के माहौल में मातम घोल दिया। घोड़ी पर चढ़ बारात लेकर दुल्हन के घर जाने के बदले अर्थी पर उसकी बारात (अंतिम यात्रा) शमशान पहुंची। बिहार के नवादा में हुई इस घटना की जानकारी जिसे भी मिली, रो पड़ा।
शादी के ठीक पहले सड़क दुर्घटना में दूल्हे की मौत
नवादा के रूपौ बाजार के आगे शनिवार की रात बाइक व ट्रैक्टर की सीधी टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में शामिल प्रिंस कुमार की रात में शादी होने वाली थी। शादी के ठीक पहले रात करीब आठ बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ कुछ खरीदारी करने बाजार आ रहा था। उसी समय बालू लदे एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में सामने से टक्कर मार दिया।
हादसे में एक और की मौत, एक की हालत नाजुक
दुर्घटना में प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। वह नवादा के फरेदा गांव निवासी परमानन्द सिंह का पुत्र था। उसके साथ बाइक पर सवार दूसरे युवक छोटू की मौत इलाज के दौरान नवादा सदर अस्पताल में हो गई। मृतक छोटू भारतीय जनता पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह का भतीजा था। घायल तीसरे युवक उत्तम कुमार की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। उसे पटना रेफर किया गया है।
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त, चालक भागने में सफल
सूचना मिलने पर नवादा के रूपौ थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को नवादा भेजा। साथ ही ट्रैक्टर को जप्त कर लिया। दुघ्रटना के बाद ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा।
दर्दनाक हादसे से मचा कोहराम, माहौल में मातम
शादी के ठीक पहले युवक व उसके साथी की मौत से दोनों के घरों में कोहराम मच गया है। दुल्हन पक्ष के घर में भी मातम फैल गया है। बारात निकलने के ठीक पहले अर्थी उठने की घटना से लोग काफी मर्माहत हैं।
input-Dainik jagran