फिल्म अभिनेत्री की मां कोरोना पॉजिटव, केजरीवाल से मांगी मदद, कहा- दिल्ली की अस्पतालों में बेड खाली नहीं
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस के कारण हालत खराब है। टीवी एक्ट्रेस दीपिका सिंह की मां कोरोना वायरस के चपेट में आ गई हैं। अभिनेत्री के मां की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटव आई है। इस समय दीपिका खुद मुंबई में हैं और उनकी मां दिल्ली में परिवार संग है। एक्ट्रेस दीपिका सिंह ने ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मदद की गुहार लगाई है।
दीपिका सिंह की सीएम केजरीवाल से गुहार
एक्ट्रे्स दीपिका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दीपिका बता रही हैं कि उनकी मां दिल्ली में एक ज्वाइंट फैमिली में रहती हैं। 45 लोगों का उनका बड़ा परिवार है, इसलिए एक का भी कोरोना संक्रमित होना खतरे की घंटी है। इसी बात पर जोर देते हुए दीपिका सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से गुहार लगाई है कि उनकी मां को किसी अच्छे अस्तपाल में एडमिट करवाया जाए। एक्ट्रेस ने दिल्ली सरकार को अपने पति रोहित राज गोयल का नंबर भी शेयर किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि दिल्ली सरकार उनके पति से संपर्क कर उनकी मां की तुरंत मदद करेंगे।
दिल्ली में अस्पताल में बेड खाली नहीं
वीडियो में दीपिका सिंह ने कई चौंकाने वाली बातों का खुलासा किया है। एक्ट्रेस दीपिका सिंह के अनुसार दिल्ली के कई अस्पतालों में बेड खाली नहीं है। कही भी उनकी मां को एडमिट नहीं किया जा रहा है। दीपिका के मुताबिक उनके हाथ में कोरोना की टेस्ट रिपोर्ट भी नहीं आई है, जिसकी वजह से अस्पताल में इलाज करवाना मुश्किल साबित हो रहा है। इस समय उनकी मां का घर पर ही उपचार किया जा रहा है।
दिल्ली में दिल्ली वालों का इलाज
बता दें कि हाल ही में दिल्ली सरकार ने फैसला किया था कि दिल्ली के अस्पतालों में केवल दिल्ली के नागरिकों का इलाज होगा। हालांकि बाद में दिल्ली के उपराज्यपाल ने सरकार के इस फैसले को पलट दिया था।