समस्तीपुर में रामजानकी ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की पांच मूर्तियां कैसे ले गए चोर, जानिए पूरी घटना
समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव स्थित श्रीराम-जानकी ठाकुरबाड़ी से चोरों ने भगवान की पांच मूर्तियों की चोरी कर ली। सभी अष्टधातु की थीं। इसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंच गई है। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के जगहों की जांच कर रही है। सोमवार की सुबह पुजारी शुभकांत चौधरी ठाकुरबाड़ी पहुंचे तो देखा की मंदिर के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद अंदर से भगवान की सभी मूर्तियां गायब थीं। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
कीमत लाखों में
जानकारी के अनुसार खानपुर थाना क्षेत्र स्थित रामजानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर से रविवार की रात चोरों ने अष्टधातु की पांच बेशकीमती मूर्तियां चुरा लीं। इन मूर्तियों में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और राधा – कृष्ण की प्रतिमाएं शामिल हैं। इनकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मंदिर के पास जुटकर चोरों को गिरफ्तार करने व मूर्तियों की बरामदगी की मांग करने लगे।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही खानपुर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया। चोरों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वैसे इस क्षेत्र हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में तेजी आई है। कुछ दिन पहले रोसड़ा में भी इस तरह की घटना हुई थी। लेकिन, उस मामले में भी पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। मामला दर्ज होने के बाद उस दिशा में क्या जांच चल रही है, इसकी जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। कोई वरीय अधिकारी भी इस बारे में विस्तार से जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं। जब भी इस तरह की घटना होती है तो मंदिर की सुरक्षा को लेकर एक अलग व्यवस्था किए जाने की मांग उठती है लेकिन, समय के साथ ये चीजें खत्म हो जाती हैं।