भोज खाकर लौट रहे लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, दस की हुई मौत
वैशाली में रविवार की रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। भोज खाकर पैदल वापस लौट रहे कुछ लोगों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में 10 लोगों के मौत की सूचना मिल रही है। मृतकों में 8 छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव की है।
लोगों को टक्कर मारने के बाद ट्रक पीपल के पेड़ से जा टकराया है। पीपल के पेड़ से ट्रक टकराने के बाद ड्राइवर घायल अवस्था मे स्टीयरिंग में फंस गया। वहीं एक शव ट्रक में फंसा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में ही नेवतन पूजा था। उसी में बच्चों के साथ लोग गए हुए थे। वहां से भोज के बाद सभी लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इनमें करीब 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक का ड्राइवर शराब के नशे में था।
हादसे की सूचना पर हाजीपुर सदर अस्पताल से शव वाहन और एंबुलेंस को रवाना कर दिया गया है। सदर अस्पताल में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है।
सड़क पर बिखरे शव
घटना के बाद मौके पर शव बिखरे पड़े रहे। मृतकों में ज्यादातर बच्चे हैं। घटनास्थल पर परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। अपने बच्चे का शव देखकर रोने बिलख रहे हैं।