पंचायत चुनाव के पहले खूनी अदावत : जाने अपराधियों ने कैसे दिया घटना को अंजाम, पूर्व मुखिया की हत्या के बाद बंद हुआ मुसरीघरारी
समस्तीपुर :- एक तरफ बिहार सरकार पंचायत चुनाव जल्द से जल्द कराने की जद्दोजहद में लगी हुई है। वहीं दूसरी तरफ गांव-प्रखंडो में खूनी अदावत दोबारा करवट लेने लगी है। पद, संपत्ति के गुमान में आए दिन हत्या की खबरें सुनने को मिलती हैं। कुछ ऐसा ही हुआ है समस्तीपुर जिले में, जहां अहले सुबह पूर्व मुखिया की अपराधियों ने हत्या कर दी।
जिले में पंचायत चुनाव आते ही हत्या का दौर शुरू हो गया। अहले सुबह मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में पूर्व मुखिया व बस स्टैंड संचालक की शशि झा की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने इस घटना को सुबह करीब 10 बजे उस समय अंजाम दिया जब उप मुखिया एक पंचायत के बाद घर लौटने के लिए अपनी गाड़ी में बैठे। इस घटना से मुसरीघरारी इलाके में दहशत के साथ ही तनाव उत्पन्न हो गया है।
सूत्रों की मानें तो मुसरीघरारी नगर पंचायत बनने के बाद अध्यक्ष की दावेदारी पूर्व मुखिया शशि झा की बन रहा थी। जिसको लेकर विरोधी खेमे में हलचल मची हुई थी। इस वजह से हत्याकांड को नगर पंचायत चुनाव से भी जोड़ा जा रहा है। वर्तमान में मृतक शशि झा की पत्नी माधुरी देवी बखरी बुजुर्ग पंचायत की मुखिया है। इससे पहले शशि झा 3 टर्म मुखिया रह चुके थे। बहरहाल, हत्या के सही वजहों का खुलासा अभी नहीं हो सका है।
घटना के बाद काफी संख्या में समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। साथ ही आक्रोशित समर्थकों ने मुसरीघरारी चौराहे को जाम कर दिया और टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। हंगामा बढ़ता देखकर दुकानदारों ने आसपास की दुकानों के शटर गिरा दिए, जिससे समर्थकों को और बल मिल गया। फिलहाल समर्थक काफी आक्रोशित हैं। घटना के बाद मुसरीघरारी में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति नियंत्रण में करने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में शशि झा की पत्नी पंचायत की मुखिया है। बताया गया है कि पंचायत के बखरी गांव में मारपीट की एक घटना को लेकर बुलाई गई पंचायत में शामिल होने के लिए उप मुखिया शशि झा गए थे।
पंचायत समाप्त होने के बाद झा अपनी फार्च्यूनर कार में बैठे और उसे जैसे ही स्टार्ट किया, एक व्यक्ति ने उन्हें आवाज देकर रोक दिया। इसी दौरान दो बदमाश पहुंचे और गाड़ी की खिड़की से मुखिया पर गोलियों की बौछार कर दी। पहली गोली उप मुखिया के चेहरे पर लगी। उसके अलावा अन्य गोली सिर और सीने में लगी जिससे घटनास्थल पर ही मुखिया की मौत हो गई। बताया गया है कि उप मुखिया के सिर में ही आधा दर्जन से अधिक गोली लगी है।